नई दिल्ली। रक्षाबंधन 9 अगस्त, शनिवार को देशभर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पावन पर्व पर बहनों को उनके भाइयों से मिलने में कोई कठिनाई न हो, इसके लिए देश के कई राज्यों की सरकारों ने महिलाओं के लिए बस यात्रा को मुफ्त करने का ऐलान किया है। यह सुविधा कहीं एक दिन, तो कहीं दो या तीन दिनों तक उपलब्ध रहेगी। आइए जानते हैं कौन-कौन से राज्य रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री यात्रा की सौगात दे रहे हैं।
उत्तर प्रदेश: तीन दिन तक फ्री सफर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाएं राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और नगर बस सेवा की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी ताकि त्योहार के दौरान यात्रा सुगम हो।
हरियाणा: दो दिन फ्री सेवा, बच्चों को भी लाभ
हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में महिलाएं और उनके 15 वर्ष तक के बच्चे 8 अगस्त दोपहर 12 बजे से 9 अगस्त की मध्यरात्रि तक मुफ्त सफर कर सकेंगे। यह सुविधा दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली बसों में भी लागू होगी।
राजस्थान: पहली बार दो दिन की मुफ्त यात्रा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की है कि 9 और 10 अगस्त को राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। पहली बार यह सुविधा दो दिनों तक दी जा रही है, जबकि पहले केवल रक्षाबंधन के दिन ही फ्री यात्रा की अनुमति थी।
चंडीगढ़: ट्राइसिटी में फ्री यात्रा
CTU और CCBSS द्वारा संचालित AC और Non-AC बसों में चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला क्षेत्र की महिलाओं को 9 अगस्त को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा केवल स्थानीय रूट की बसों पर लागू होगी, लंबी दूरी की बसों में यह मान्य नहीं होगी।
उत्तराखंड: परंपरा जारी, रक्षाबंधन पर फ्री सेवा
उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में भी महिलाएं और छोटे बच्चे रक्षाबंधन के दिन मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यह परंपरा पिछले वर्षों से चली आ रही है और इस साल भी इसे जारी रखा गया है।