देवघर, झारखंड। सावन के पवित्र महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन को जा रहे कांवड़ियों के साथ एक भीषण हादसा हो गया। देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया जंगल के पास सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे एक तेज रफ्तार बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 5 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से छह की हालत नाजुक बताई जा रही है।
1 अगस्त से UPI यूजर्स को झटका: बैलेंस चेक और ट्रांजैक्शन स्टेटस के लिए नए नियम लागू होंगे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस में सवार सभी लोग कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालु थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं कुछ घायलों को गंभीर स्थिति में एम्स देवघर रेफर किया गया है।
हादसे में मारे गए कांवड़ियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने बताया कि मृतकों के नामों की अंतिम पुष्टि एक घंटे में की जाएगी, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में दर्ज किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है।
घटना के बाद कांवड़ियों में आक्रोश भी देखा गया। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त बल मौके पर भेजा है। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाना हादसे का मुख्य कारण हो सकता है।