नागपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि दुनिया झुकती है, बस झुकाने वाला चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनने के लिए इम्पोर्ट कम करना होगा और एक्सपोर्ट बढ़ाना होगा। गडकरी शनिवार को नागपुर स्थित विश्वेश्वरैया नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VNIT) में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।

ट्रम्प ने कराई आर्मेनिया-अजरबैजान में शांति, 37 साल पुराना विवाद हुआ खत्म

गडकरी ने कहा, “देश में इस समय जिन मुद्दों पर चर्चा हो रही है, मैं उनका नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन हम अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। दुनिया की सभी समस्याओं का समाधान विज्ञान, तकनीक और ज्ञान में है। अगर हम ज्ञान और शक्ति का सही इस्तेमाल करेंगे, तो हमें दुनिया के सामने झुकना नहीं पड़ेगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि सबसे बड़ी राष्ट्रभक्ति यह होगी कि हम आयात को घटाएं और निर्यात को बढ़ाएं। उनका यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा के तीन दिन बाद आया है। यह टैरिफ 27 अगस्त से लागू होगा, जिसके बाद भारत पर कुल 50% शुल्क लगेगा।

गडकरी ने कहा, “कुछ देश आर्थिक रूप से संपन्न होने के कारण दुनिया में दादागिरी कर रहे हैं। उनके पास तकनीक है। अगर हमारे पास उनसे अच्छी तकनीक और संसाधन होंगे, तो हमें दादागिरी करने की जरूरत नहीं होगी। हमारी संस्कृति हमेशा विश्व कल्याण की बात करती है।”

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानीय समस्याओं के आधार पर तकनीक और विज्ञान का उपयोग कर विकास को गति दी जा सकती है, जिससे भारत की प्रगति और विकास दर तीन गुना तक बढ़ सकती है।

Share.
Exit mobile version