लखनऊ :सीमेंट से भरे नीले ड्रम में पति की लाश छुपाने के सनसनीखेज मामले में जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी ने सोमवार 24 नवंबर को बेटी को जन्म दिया। शाम 6:50 बजे मेडिकल कॉलेज में 5 डॉक्टरों की टीम ने उसकी नॉर्मल डिलीवरी कराई। बच्ची का वजन ढाई किलो बताया गया है और वह पूरी तरह स्वस्थ है।
चौंकाने वाली बात यह है कि मुस्कान जिस पति सौरभ राजपूत की हत्या में आरोपी है, उसी सौरभ का जन्मदिन भी 24 नवंबर को ही था। ऐसे में यह घटना और भी चर्चा में आ गई है।
जन्म के समय भी मुस्कान की गोद में बच्ची
जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, 23 नवंबर की रात मुस्कान की तबीयत बिगड़ने पर चेकअप किया गया और अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के बाद उसे गायनिक वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉ. शगुन के नेतृत्व में टीम ने सुरक्षित प्रसव कराया। जन्म के बाद से मुस्कान लगातार बच्ची को गोद में लिए दुलार रही है।
बच्ची किसकी? परिवार ने उठाए सवाल
मुस्कान को पुलिस ने 19 मार्च को उसके बॉयफ्रेंड साहिल के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय वह डेढ़ महीने की प्रेग्नेंट थी। अब बच्ची का पिता कौन—यह बड़ा सवाल बन गया है।
इस पर मृतक सौरभ के बड़े भाई राहुल राजपूत ने कहा—
“हम बच्ची का DNA टेस्ट कराएंगे। अगर बच्ची सौरभ की है तो हम उसे परिवार में अपनाएंगे।”
बड़ा मामला था हत्या का
मुस्कान पर आरोप है कि उसने अपने बॉयफ्रेंड साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर शव को नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से बंद कर दिया था। पुलिस ने इस हत्या का खुलासा 19 मार्च को किया था, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।


