बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में यातायात नियमों की अनदेखी और खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूली बच्चे और युवक दोपहिया वाहनों पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। एक ही बाइक और स्कूटी पर चार से पांच लोगों के सवार होने के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में नाबालिग और युवा यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। दोपहिया वाहन पर दो से ज्यादा सवारी बैठाने पर रोक होने के बावजूद कई लोग एक ही वाहन पर कई लोगों को बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं।
Bilaspur News: हत्या की सुपारी लेकर हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख की थी डील
गुरुवार को तितली चौक के पास एक स्कूटी पर पांच युवक सवार दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि सभी रेलवे स्टेशन की ओर से तितली चौक होते हुए बुधवारी बाजार की तरफ जा रहे थे। एक ही स्कूटी पर पांच लोगों के बैठने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बावजूद युवक तेज रफ्तार में वाहन चलाते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने भी चिंता जताई है। इमलीपारा रोड पर भी एक खतरनाक नजारा देखने को मिला। यहां स्कूल यूनिफॉर्म पहने पांच नाबालिग एक बाइक पर सवार दिखाई दिए। वीडियो में बाइक पर बैठे दो नाबालिग दोनों तरफ खड़े होकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
Korba Crime: कबाड़ी के ठिकाने से मिले हथियार और गोलियां, पुलिस ने शुरू की जांच
स्कूल छुट्टी के समय सड़क पर इस तरह की लापरवाही से दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि शहर में बाइक और कार से स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चौराहों और प्रमुख मार्गों पर ऐसे वाहनों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान भी भेजे जा रहे हैं। बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट में बदलाव करने वाले वाहनों के खिलाफ शुक्रवार से विशेष धरपकड़ अभियान शुरू किया जाएगा।


