कोरबा : कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे मालवाहक वाहन ग्राम लैगा के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक आए कैंची मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना तेज था कि चालक को गंभीर चोटें आईं हैं ।
छत्तीसगढ़ में सूखा जून! सामान्य से 69% कम बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायल चालक को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए लैगा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस को भी जानकारी दी गई। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण सड़क का कैंची मोड़ और वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कई जगह तीखे मोड़ होने के कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।


