Korba News: उरगा थाना क्षेत्र के कनबेरी गांव में 25 वर्षीय युवक शंकर सिंह की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। युवक का शव घर से 100 मीटर दूर पेड़ पर गमछे से लटका मिला। परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए युवती और उसके परिजनों पर शादी से इंकार कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
नोराबाई का आरोप है कि लापता होने से एक दिन पहले, 16 जून को आरोपी देवनारायण की पत्नी अमिता और सास इंदकुवर उनके घर आईं और गाली-गलौज करते हुए शंकर को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि पहले भी इस मामले को लेकर धमकियां मिल चुकी थीं।
मां ने उठाए मौत पर कई सवाल
मां का कहना है कि शव की स्थिति हत्या की ओर इशारा करती है। उनके मुताबिक शरीर पर खरोंच और चोट के निशान थे। पैंट पर खून के धब्बे थे और पेड़ के नीचे भी खून टपका हुआ था। शव उतारने पर हाथ-पैर मुड़े हुए थे। उनका दावा है कि 3 फीट लंबे गमछे के सहारे इतनी ऊंचाई पर लटकना संभव नहीं है। इसलिए उनका मानना है कि पहले मारपीट कर हत्या की गई और बाद में शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
शिकायत में कबूलनामे का भी जिक्र
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 21 जून को आरोपी देवनारायण ने परिजन महेश राम से कथित तौर पर कहा, “मैं शंकर ला मारे हों, जा जो करना है कर ले।” परिजनों ने इस कथित बयान को भी जांच में शामिल करने की मांग की है।
मामले में उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण आत्महत्या बताया गया है। जांच के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।


