कोरबा : वनमंडल कोरबा के पसरखेत व करतला रेंज में हाथियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। यहां करतला रेंज के पहाडग़ांव जंगल में 22 हाथियों का दल विगत तीन दिनों से सक्रिय है, वहीं पसरखेत में विचरणरत 10 हाथियों के झुंड में से एक दंतैल हाथी बीती रात अलग होकर कुदमुरा रेंज पहुंच गए और यहां के बैगामार गांव में उत्पात मचाते हुए ग्रामीणों द्वारा खेत मेें लगाए गए धान की फसल को तहस-नहस कर दिया।
ग्रामीणों को इसका पता आज सुबह तब चला जब वे अपने खेतों में पहुंचे तो वहां लहलहाती फसल को तहस-नहस पाया। इसकी तत्काल सूचना वन विभाग को दी गई। जिस पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर रात में हाथियों द्वारा किए गए नुकसानी के आंकलन में जुट गए हैं। चूंकि दंतैल हाथी उत्पात मचाने पर अमादा है, अत: वन विभाग ने इसकी सूचना ग्रामीणों को देते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
CG Crime: नशे में धुत पति बना हैवान, पत्नी की बेरहमी से हत्या; बच्चों ने भागकर बचाई जान
साथ ही हाथी की मौजूदगी वाले बैगामार व आसपास के गांव में मुनादी कराई जा रही है। उधर कटघोरा वनमंडल के एतमानगर, केंदई व जटगा क्षेत्र में हाथियों की उपस्थिति अभी भी बनी हुई है। क्षेत्र में मौजूद हाथियों की लगातार निगरानी वन अमला कर रहा है।


