वॉशिंगटन/नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि अमेरिका रूस से क्या खरीद रहा है। व्हाइट हाउस में मंगलवार को ANI के सवाल पर ट्रम्प ने कहा, “मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता, हमें इसकी जांच करनी होगी।”
यह बयान उस समय आया जब भारत ने सोमवार को दावा किया था कि अमेरिका अब भी रूस से यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड, खाद और केमिकल्स का आयात कर रहा है।
भारत पर बढ़ सकता है टैरिफ
ट्रम्प ने संकेत दिया है कि वह आज भारत पर और ज्यादा टैरिफ का ऐलान कर सकते हैं। मंगलवार को उन्होंने कहा था कि अगले 24 घंटे में भारत पर भारी टैरिफ लगाया जाएगा। 30 जुलाई को ट्रम्प ने भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी।
ट्रम्प का आरोप है कि भारत रूस के साथ व्यापार कर यूक्रेन के खिलाफ रूसी वॉर मशीन को ईंधन दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत रूस से सस्ता तेल खरीदकर ओपन मार्केट में बेच रहा है और उसे इस बात की परवाह नहीं कि यूक्रेन में कितने लोग मारे जा रहे हैं।
रूस से भारत का तेल आयात रिकॉर्ड स्तर पर
यूक्रेन युद्ध से पहले भारत रूस से सिर्फ 0.2% (68 हजार बैरल प्रतिदिन) तेल इंपोर्ट करता था, जो मई 2023 तक बढ़कर 45% (20 लाख बैरल प्रतिदिन) हो गया। साल 2025 के जनवरी से जुलाई तक भारत प्रतिदिन 17.8 लाख बैरल तेल रूस से खरीद रहा है।