रायगढ़ जिले के किरोड़ीमल जिला अस्पताल के जर्जर भवन के स्थान पर 100 करोड़ रुपये की लागत से 300 बेड का नया अत्याधुनिक अस्पताल भवन बनेगा। राज्य सरकार ने अस्पताल प्रबंधन के नक्शे को अंतिम मंजूरी दे दी है। चिकित्सालय के आधुनिकीकरण और कायाकल्प की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। नए परिसर के निर्माण से जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। अस्पताल का पुराना भवन काफी समय से जर्जर स्थिति में था। कम जगह और सीमित सुविधाओं के कारण लंबे समय से नया भवन बनाने की मांग उठ रही थी। सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि शासन से नक्शा मंजूर होकर आ गया है। बारिश का मौसम समाप्त होते ही 300 बेड वाले नए भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा।
बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार को लेकर हाईकोर्ट सख्त, AAI को जल्द फैसला लेने का निर्देश
बहुमंजिला इमारत में ओपीडी से लेकर गंभीर बीमारियों के इलाज तक की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मरीजों को मिलेंगी। इसमें विशेष रूप से स्त्री रोग विभाग और शिशु रोग विभाग को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा। इसके अलावा गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के त्वरित इलाज के लिए एक अत्याधुनिक बर्न यूनिट भी बनेगी। नए भवन के बेसमेंट में अत्याधुनिक जांच केंद्र और पार्किंग की व्यवस्था होगी। यहां सीटी स्कैन, एमआरआई, रेडियो वर्जन डिजिटल एक्सरे, एक्सरे विभाग, रेडियोलॉजिस्ट कक्ष, अल्ट्रासोनोग्राफी कक्ष और स्टोर रूम का निर्माण होगा। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी रहेगा। भूतल पर मरीजों की सहूलियत के लिए ओपीडी प्रवेश द्वार, आपातकालीन कक्ष, मदर एंड चाइल्ड वार्ड, एनएनसी वार्ड, पीएनसी वार्ड और एचडीयू की स्थापना की जाएगी।


