रायपुर: मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के इंटर्न चिकित्सकों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले 15 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को समाप्त कर दी। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने इंटर्न चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय बुलाकर करीब कई घंटे तक चर्चा की। बैठक के दौरान मंत्री ने उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया, जिसके बाद डॉक्टरों ने हड़ताल वापस ले ली। इंटर्न चिकित्सक पिछले 15 दिनों से अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना था कि उन्हें वर्तमान में 15,900 रुपए स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया जाना चाहिए।
इस मांग को लेकर वे पहले सरकार को पत्र और ज्ञापन के जरिए कई बार अवगत करा चुके थे लेकिन मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। इंटर्न डॉक्टरों का कहना था कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में इंटर्न और पीजी रेजिडेंट्स को मिलने वाला स्टाइपेंड काफी कम है। हड़ताल के दौरान इंटर्न चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में तंबू लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
बिलासपुर में चलती टाटा सफारी में लगी आग, धुआं उठते ही ड्राइवर ने रोकी कार; सभी लोग सुरक्षित
लगातार 15 दिनों तक चले आंदोलन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। चर्चा के दौरान मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद इंटर्न चिकित्सकों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने भी सोशल मीडिया पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए इंटर्न चिकित्सकों की हड़ताल समाप्त होने की जानकारी दी। अब डॉक्टरों को सरकार की ओर से स्टाइपेंड बढ़ाने के संबंध में लिए जाने वाले अगले निर्णय का इंतजार है।


