कोरबा शहर को सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। निगम की तोड़ू दस्ता और पुलिस टीम ने आनंद बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे लगी अवैध ठेला-गुमटियों को हटाकर वहां निर्मित एक दर्जन से अधिक दुकानों को पात्र दुकानदारों को आवंटित कर दिया। कार्रवाई के दौरान कई अवैध कब्जाधारियों का सामान भी जब्त किया गया। नगर निगम पिछले कई दिनों से शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में आनंद बाजार में सड़क किनारे वर्षों से लगे ठेला और गुमटी संचालकों को नोटिस जारी किया गया था। निगम का कहना था कि सड़क किनारे अवैध कब्जे के कारण यातायात बाधित हो रहा था और पैदल चलने वालों को भी परेशानी हो रही थी। नोटिस के बाद भी कब्जा नहीं हटाने पर बुधवार को नगर पालिका निगम तोड़ू दस्ता प्रभारी विकास तिवारी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। कार्रवाई के दौरान आनंद बाजार में अवैध रूप से लगी आधा दर्जन से अधिक ठेला-गुमटियों को हटाया गया। मौके पर मौजूद नहीं रहने वाले कब्जाधारियों का सामान भी जब्त कर निगम कार्यालय ले जाया गया।
छत्तीसगढ़ में मानसून पड़ा सुस्त, बारिश थमी तो उमस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के साथ ही विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की है। आनंद बाजार में निगम द्वारा निर्मित एक दर्जन से अधिक सुविधायुक्त दुकानों को उन दुकानदारों को आवंटित किया गया है जो वर्षों से सड़क किनारे ठेला लगाकर जीवन यापन कर रहे थे। तोड़ू दस्ता प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को अब व्यवस्थित और सुविधायुक्त जगह दी जा रही है ताकि वे सम्मानजनक तरीके से अपना व्यवसाय कर सकें और शहर का यातायात भी सुचारू रहे। दुकानों में बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
सक्ती जिले में डॉक्टर ने बनाया फर्जी जमीन, फिर चार लाख का खेल
निगम की इस कार्रवाई से कुछ दुकानदारों को फायदा हुआ है, तो वहीं कई अन्य दुकानदार दुकान आवंटन से वंचित रह गए हैं। वंचित दुकानदारों का कहना है कि उन्हें भी वैकल्पिक व्यवस्था दी जाए। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मुख्य मार्गों, स्कूल और अस्पताल के आसपास अवैध कब्जों को प्राथमिकता से हटाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद आनंद बाजार में यातायात काफी हद तक सुगम हो गया है और स्थानीय लोगों ने निगम की पहल की सराहना की है।


