Korba Crime: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में बोलेरो कैंपर से युवक को कुचलकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में थाना उरगा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने मित्र विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान रिजॉर्ट परिसर में किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया। चेक-आउट के बाद जब सभी युवक रिजॉर्ट के बाहर सड़क पर पहुंचे तो दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में तुषार ढांडा ने अपनी बोलेरो कैंपर उज्ज्वल कुमार सिंह पर चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
छत्तीसगढ़ की लोककला को बड़ा झटका: पद्म विभूषण पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई का निधन, कला जगत में शोक
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल उज्ज्वल को उसके साथी तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर भी जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


