कोरबा : जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी और थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने स्कूटी चोरी और चोरी के अन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में दर्ज स्कूटी चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी की टीम ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई स्कूटी बरामद कर ली। इसके बाद दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
दो घंटे तक रुका गेवरा परियोजना का काम, प्रदर्शनकारियों से एसईसीएल ने मांगी 50 लाख की भरपाई
एक अन्य स्कूटी चोरी के मामले में भी थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस को सफलता मिली है। अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत दर्ज प्रकरण में चोरी गई स्कूटी वाहन क्रमांक CG 12 AY 5376 की तलाश के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों से पूछताछ की गई। जांच में दोनों ने मिलकर स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया।इसके अलावा पुलिस ने गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दिलचंद आदिले (23 वर्ष) निवासी अटल आवास खम्हरिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घर के पीछे रखे गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
महतारी वंदन योजना: नई पात्र महिलाओं के लिए फिर खुलेगा आवेदन पोर्टल, जल्द मिलेगा मौका
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


