कोरबा : शहर में हाल ही में हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाओं के बाद कोरबा पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाया है। शनिवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) और कोतवाली व सिविल लाइन थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 25 से 30 पुलिसकर्मियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष बाइक पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इस दौरान बदमाशों, असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वालों को कड़ा संदेश दिया गया। दो दिन पहले 15 ब्लॉक और पंप हाउस कॉलोनी क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी और शनिवार रात विशेष अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।
CG Accident: यात्री बस से कार की भीषण टक्कर, चालक की मौके पर मौत, दो लोग घायल
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम पंप हाउस, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर, डीडीएम रोड सहित कई इलाकों में बाइक से गश्त करती नजर आई। पुलिस उन संकरी गलियों तक भी पहुंची, जहां चार पहिया वाहनों का पहुंचना संभव नहीं है। अभियान का उद्देश्य अपराधियों में पुलिस का भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना था। अभियान के दौरान पुलिस ने हालिया मारपीट और उपद्रव की घटनाओं में शामिल युवकों की पहचान कर उनके घर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या गुंडागर्दी में संलिप्तता मिली तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परिजनों से युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील भी की गई।
सूरजपुर में जानलेवा स्टंट! पर्यटन स्थल पर युवकों की खतरनाक कारबाजी, VIDEO हुआ वायरल
देर रात चलाए गए अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग कर रहे युवकों और बिना वजह बाइक से घूम रहे लोगों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई युवकों को रोककर पूछताछ की और समझाइश दी। कुछ लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें अनुशासन का पालन करने की चेतावनी भी दी गई। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिन क्षेत्रों से लगातार मारपीट और गुंडागर्दी की शिकायतें मिल रही हैं, वहां नियमित रूप से बाइक पेट्रोलिंग और विशेष निगरानी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।


