कोरबा : जिले में सावन सोमवार को कनकीधाम पहुंचने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष तैयारी की है। धार्मिक यात्रा के दौरान हुड़दंग, तेज रफ्तार बाइक चलाने, फटे साइलेंसर से शोर करने और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष पेट्रोलिंग टीम तैनात करने के साथ संवेदनशील मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बल लगाया जाएगा।
कोरबा: बरपाली में मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी, CCTV में कैद हुए 3 संदिग्ध
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले वर्षों में सावन सोमवार के दौरान कुछ बाइकर्स द्वारा तेज रफ्तार, फटे साइलेंसर और तेज आवाज वाले डीजे के जरिए उत्पात मचाने की शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस बार भी पुलिस ऐसे बाइकर्स और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेगी। शराब पीकर वाहन चलाने, मारपीट, छेड़छाड़ या सार्वजनिक स्थान पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सावन सोमवार के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली कथित परेशानियों को लेकर हिंदू नारायणी सेना के प्रमुख अरविंद अग्रवाल और उनके साथियों ने कोरबा एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कनकीधाम जाने वाले मार्ग पर कुछ असामाजिक तत्व श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट करते हैं। संगठन ने तेज आवाज वाले डीजे और फटे साइलेंसर वाली बाइकों से होने वाले शोर पर भी रोक लगाने की मांग की है। संगठन की ओर से मांग की गई कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने कनकीधाम जाने वाले मार्गों पर भीड़ और यातायात को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बल तैनात करने का निर्णय लिया है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के साथ विशेष पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और यात्रा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आस्था की आड़ में कानून तोड़ने या दूसरे लोगों के लिए परेशानी खड़ी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।


