जांजगीर-चांपा : पुराने विवाद और गवाही देने की बात को लेकर युवक पर हत्या की नीयत से जानलेवा हमला करने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चूड़ा भी बरामद कर जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, घटना 2 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के पौनी पसारी के पास हुई थी। प्रार्थी शिवनाथ यादव वहां मौजूद था। इसी दौरान साहिल यादव, समीर यादव और स्वप्नील यादव मौके पर पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: दो लोगों की मौत, एक युवक गंभीर घायल
इसी दौरान प्रार्थी का भाई महेश्वर यादव वहां पहुंचा। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी बीच साहिल यादव ने हाथ में पहने चूड़ा को निकालकर महेश्वर यादव के सिर पर हत्या की नीयत से वार कर दिया। हमले में उसके सिर और नाक में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। प्रार्थी शिवनाथ यादव ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की की। घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
रायगढ़ में केलो बांध के 6 गेट खुले, नदी का जलस्तर बढ़ा; चक्रपथ हुआ जलमग्न
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवरीनारायण पुलिस फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी अपने गांव में चोरी-छिपे आए हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चूड़ा बरामद कर जब्त किया। इसके बाद तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल यादव उम्र 23 वर्ष, समीर यादव उम्र 22 वर्ष और स्वप्नील यादव उम्र 22 वर्ष शामिल हैं। तीनों आरोपी सुकुलपारा, खरौद, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा के निवासी हैं।


