कोरबा : सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा के लिए कोरबा पुलिस ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्ती की जा रही है। हाल ही में चलाए गए विशेष जांच अभियान में 20 वाहन चालक नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़े गए। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले के सभी थाना और यातायात इकाइयों ने प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में 20 वाहन चालक शराब के नशे में पाए गए। इनमें 8 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहन चालक शामिल हैं।
कोरबा में बारिश का कहर: उफनते कसईनाला में बहे 55 वर्षीय बंधुराम विश्वकर्मा, रेस्क्यू जारी
सभी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। कोरबा पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 1143 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत करने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाना हादसों का प्रमुख कारण है। नशे में चालक की निर्णय क्षमता, सतर्कता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है। इससे वाहन पर नियंत्रण खोने और गंभीर दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
स्कूल में लबालब जल भराव, शिक्षा व्यवस्था चरमराई, प्रदेश सह संयोजक ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। यदि किसी समारोह में शराब ली है, तो स्वयं वाहन चलाने के बजाय चालक, टैक्सी या अन्य सुरक्षित साधन का उपयोग करें। अपने परिवार और मित्रों को भी नशे में वाहन चलाने से रोकें। सभी यातायात नियमों का पालन करें और सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नशे में वाहन चलाते किसी व्यक्ति को देखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कोरबा पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम के लिए ऐसी विशेष कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।


