कोरबा शुक्रवार को सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत अप्पू गार्डन के पास तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। बेलगाम कार ने पहले स्कूटी सवार दो युवतियों को जोरदार टक्कर मारी और फिर मौके से भागते समय एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों को चोट आई है और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार घायल युवतियों की पहचान पूजा कंवर और किरण वैष्णो निवासी कोरबा के रूप में हुई है। दोनों किसी काम से स्कूटी पर सवार होकर जा रही थीं। तभी अप्पू गार्डन के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुका नहीं। वह कार लेकर भागने लगा। भागते समय उसने सामने से आ रहे एक बाइक सवार को भी चपेट में ले लिया। हालांकि, बाइक सवार को मामूली चोट आई और वह बाल-बाल बच गया। लगातार दो वाहनों को टक्कर मारने के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।
CG – प्रदेश में अगले 24 घंटे तक तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
दिनदहाड़े हुए हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल डायल 112 और सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी। घायल पूजा कंवर और किरण वैष्णो को उपचार के लिए जिला अस्पताल रवाना किया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर है।पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर फरार कार और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।


