रियो डी जनेरियो। रविवार को ब्राजील के रियो डी जनेरियो में आयोजित 17वें BRICS सम्मेलन में सदस्य देशों ने 31 पेज और 126 बिंदुओं वाला एक संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया। इसमें हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और ईरान पर इजराइली हमले की कड़ी निंदा की गई।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “पहलगाम का आतंकी हमला सिर्फ भारत पर ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता पर हमला है। आतंकवाद की निंदा हमारा सिद्धांत होना चाहिए, सुविधा नहीं।”
प्रधानमंत्री ने मौजूदा वैश्विक संस्थानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 20वीं सदी में बनी संस्थाएं 21वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने में नाकाम साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा, “AI के दौर में हर हफ्ते तकनीक अपडेट होती है, लेकिन वैश्विक संस्थान 80 साल में एक बार भी अपडेट नहीं होते। 20वीं सदी के टाइपराइटर से 21वीं सदी के सॉफ्टवेयर नहीं चलाए जा सकते।”
इससे पहले 1 जुलाई को क्वाड समूह (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) की विदेश मंत्रियों की बैठक में भी पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की गई थी।


