कोरबा : जिले के पकरिया गांव स्थित पुलिया के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, महा सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक से मौहार से बरपाली की ओर जा रहे थे। पकरिया गांव स्थित पुलिया के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोरबा में गौ तस्करी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, घरेलू सामान ले जा रहे पिकअप चालक का फोड़ा सिर
हादसे में महा सिंह के माथे पर गंभीर चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी के हाथ में चोट लगी है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की आपातकालीन सहायता टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
खेलते-खेलते हुआ बड़ा हादसा: ट्रैक्टर की चपेट में आया ढाई साल का बच्चा, बड़े भाई की बची जान
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।


