वॉशिंगटन। अमेरिका ने पाकिस्तान में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) और उसके सहयोगी संगठन मजीद ब्रिगेड को विदेशी आतंकी संगठन (FTO) घोषित कर दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार देर रात इस फैसले की घोषणा की। यह ऐलान पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के अमेरिका दौरे के बीच किया गया है।
मार्को रुबियो ने अपने बयान में कहा कि BLA ने 2024 में कराची एयरपोर्ट के पास और ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स में आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ली थी। इसके अलावा, मार्च 2025 में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक करने की भी जिम्मेदारी ली थी। इस घटना में 31 नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई थी, जबकि 300 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया गया था।
अमेरिकी सरकार के मुताबिक, BLA और मजीद ब्रिगेड की गतिविधियां क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इन संगठनों के खिलाफ कड़े कदम उठाना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसे हमलों को रोका जा सके।


