लंदन। ब्रिटेन की दिग्गज मीडिया संस्था बीबीसी (BBC) में शुक्रवार देर रात बड़ा उलटफेर देखने को मिला। बीबीसी डायरेक्टर जनरल टिम डेवी (Tim Davie) और बीबीसी न्यूज की CEO डेबोरा टर्नेस (Deborah Turness) ने अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण को एडिट करने से जुड़े “पैनोरामा डॉक्यूमेंट्री विवाद” के बाद सामने आया है, जिसने मीडिया जगत में तूफान मचा दिया है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, बीबीसी के ‘Panorama’ शो में ट्रंप के 6 जनवरी 2021 वाले कैपिटल हिल भाषण के एडिटेड क्लिप को प्रसारित किया गया था। इसमें ट्रंप के बयानों को इस तरह से जोड़ा गया कि ऐसा लगे जैसे वे हिंसा भड़काने की अपील कर रहे हों। जबकि वास्तविक भाषण में दोनों हिस्से करीब 50 मिनट के अंतर पर बोले गए थे।
इस खुलासे के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर बीबीसी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, “बीबीसी के टॉप लोग पकड़े गए हैं जो मेरी ‘परफेक्ट स्पीच’ को एडिट कर रहे थे। ये फेक न्यूज फैलाने वाले करप्ट पत्रकार हैं।”
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने भी बीबीसी को ‘100% फेक न्यूज’ और ‘लेफ्टिस्ट प्रोपगैंडा मशीन’ बताया।
द टेलीग्राफ का खुलासा
ब्रिटिश अख़बार द टेलीग्राफ के हाथ लगे बीबीसी के आंतरिक मेमो ने इस विवाद को और हवा दी। रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व एडिटोरियल स्टैंडर्ड्स एडवाइजर माइकल प्रेस्कॉट ने बीबीसी की कवरेज में एंटी-इजरायल बायस, ट्रांसजेंडर मुद्दों पर रिपोर्ट दबाने और “Panorama” टीम की गलत संपादन प्रक्रियाओं” को लेकर कड़ा बयान दिया था।


