नई दिल्ली, 1 अगस्त 2025 लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संसद भवन में मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में वोट चोरी हो रही है और इसके पीछे चुनाव आयोग की मिलीभगत है। उन्होंने इस पूरे मामले को “ओपन एंड शट केस” बताते हुए कहा कि उनके पास इसके पुख्ता सबूत मौजूद हैं।
राहुल गांधी ने कहा, “मैं ये हल्के में नहीं कह रहा, हमारे पास सौ फीसदी सबूत हैं कि चुनाव आयोग वोटों की चोरी में शामिल है और वह यह काम भाजपा के लिए कर रहा है। अब पूरे देश को पता चल जाएगा कि किस तरह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हो रहा है।”
‘ये राष्ट्रविरोध है, छोड़ेंगे नहीं’
राहुल गांधी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “जो भी लोग इस काम में शामिल हैं, चाहे वे चुनाव आयोग में हों, रिटायर हों या किसी भी स्तर पर हों – हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे। यह देशद्रोह है और इसके लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की हरकतें लोकतंत्र की आत्मा को चोट पहुंचाती हैं।


