नई दिल्ली, 1 अगस्त 2025। भारत के नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग ने बुधवार को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए औपचारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग के मुताबिक, 21 अगस्त नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी, जबकि 9 सितंबर 2025 को संसद भवन में मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतगणना के बाद देश को नया उपराष्ट्रपति मिल जाएगा।
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 7 अगस्त को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद इच्छुक उम्मीदवार 21 अगस्त तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी और 25 अगस्त तक नाम वापसी की अनुमति होगी।
मतदान 9 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य, जिनमें नामित सांसद भी शामिल हैं, वोट डालेंगे। इस चुनाव में राज्यसभा के 245 (233 निर्वाचित+12 नामित) और लोकसभा के 543 सदस्य भाग लेंगे। मतदान गुप्त होता है और इसमें प्राथमिकता क्रम के आधार पर मतदाता अपना मत डालते हैं।


