रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला ठगी का मामला सामने आया है। ट्रेडिंग कारोबार से जुड़े एक कारोबारी को 45 करोड़ रुपये के कथित नकली नोट दिलाने का झांसा देकर महाराष्ट्र के जालसाजों ने 1.13 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। रकम लेने के बाद आरोपियों ने न केवल पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि कारोबारी को नकली नोट के कारोबार में फंसाने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद तेलीबांधा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोरबा में मोबाइल टावर की केबल काटते दो चोर रंगे हाथ पकड़े, लोगों ने रस्सी से बांधकर पीटा
ऐसे रचा गया करोड़ों की ठगी का खेल
पुलिस के अनुसार, पीड़ित कारोबारी उमेश गुप्ता ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के कुछ लोग लंबे समय से कारोबारी के संपर्क में थे और लेन-देन के जरिए उन्होंने उनका विश्वास जीत लिया था।इसी दौरान आरोपियों ने कारोबारी को असली नोट दिखाकर उन्हें नकली नोट बताने का दावा किया और कहा कि उनके पास बड़े पैमाने पर नकली नोट उपलब्ध कराने वाला नेटवर्क है। इसके बाद उन्होंने 45 करोड़ रुपये के नकली नोट उपलब्ध कराने का लालच दिया।
होटलों में हुई कई बैठकें
इस कथित सौदे को अंतिम रूप देने के लिए तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अलग-अलग होटलों में कई दौर की बैठकें हुईं। जालसाजों ने खुद को बड़े नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही नकली नोटों की खेप उपलब्ध करा दी जाएगी।
आखिरकार कारोबारी ने आरोपियों को 1.13 करोड़ रुपये दे दिए।
रायपुर और नागपुर में ट्रांसफर की रकम
जानकारी के मुताबिक, रकम मिलने के बाद आरोपियों ने उसका कुछ हिस्सा रायपुर में और बाकी नागपुर में ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद वे लगातार कभी सुरक्षा व्यवस्था, कभी डिलीवरी और कभी खेप आने का बहाना बनाकर कारोबारी को टालते रहे।जब कारोबारी ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे नकली नोट के कारोबार में फंसाने की धमकी दी और रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
मलेरिया का बढ़ता कहर! कोटा क्षेत्र में 10 दिनों में मिले 25 मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
पुलिस ने दर्ज किया केस
अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास होने पर कारोबारी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


