कोरबा में बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रेलर के पहियों के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सैकड़ों ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरे बीजेपी नेता, NH-130 पर किया प्रदर्शन और चक्काजाम
चश्मदीदों के मुताबिक चालक ने ट्रेलर को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन ब्रेक न लगने और फिसलन के कारण वह हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बालको पुलिस ने पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रिंग रोड पर भारी वाहनों का दबाव बहुत ज्यादा रहता है। कोयला खदानों से निकलने वाले ट्रेलर, डंपर और हाइवा इस मार्ग से लगातार गुजरते हैं। लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण और वाहनों की गति पर लगाम लगाने वाला कोई नहीं है। इसी कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं।


