रायगढ़ : जिले में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी पर शिकंजा कसते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा खेलाते कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत की गई इस समन्वित कार्रवाई में आरोपियों से करीब ढाई लाख कीमत के 7 नग मोबाइल फोन, नगदी रकम 15490 और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
बालको वेदांता प्लांट में दर्दनाक हादसा, ग्राइंडर मशीन से श्रमिक की तीन उंगलियाँ कटीं
पहली कार्रवाई में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने मुखबिर सूचना पर नयागंज कोष्टापारा स्थित खादी ग्राम भंडार के पास दबिश देकर सोनू देवांगन (21) को गिरफ्तार किया। आरोपी अपने मोबाइल से चेन्नई सुपर किंग, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल मुकाबलों पर हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था और अन्य लोगों को भी खिला रहा था। जांच में उसके मोबाइल में मैच से संबंधित स्क्रीनशॉट और गूगल-पे ट्रांजेक्शन मिले। आरोपी के कब्जे से वीवो मोबाइल जब्त कर उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 7 के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई में गद्दी चौक स्थित ए-वन कैफे के संचालक हर्षित देवांगन (24) को ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के पास से दो मोबाइल बरामद किए गए, जिनके माध्यम से वह हार-जीत पर दांव लगवा रहा था और डिजिटल पेमेंट से लेनदेन कर रहा था। पूछताछ में आरोपी ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालन स्वीकार किया, जिस पर उसके विरुद्ध भी जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में घरघोड़ा पुलिस ने गोयल ट्रेडिंग किराना दुकान में दबिश देकर भरत गोयल (22) को गिरफ्तार किया। आरोपी आईपीएल मैच के दौरान छक्का, चौका, विकेट और हार-जीत पर लोगों से रकम लेकर ऑनलाइन जुआ खिला रहा था। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने पर उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से एप्पल कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया।
घरघोड़ा क्षेत्र में पुलिस टीम ने जय स्तंभ चौक के पास एक और बड़ी रेड कार्रवाई में गौतम भोजवानी, लक्ष्मीनारायण सिदार और सागर गुप्ता को ऑनलाइन सट्टा खेलाते पकड़ा गया। आरोपी आईपीएल मैच की हर गेंद और परिणाम पर दांव लगवा रहे थे। पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने पर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया गया। इनके कब्जे से चार मोबाइल और 15,490 रुपये नगद जब्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 तथा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। उपरोक्त चारों कार्रवाई में आरोपियों से पूछताछ में सट्टा खाईवाल की जानकारी मिली है, साइबर और थाने की टीम आरोपियों की पतासाजी में जुटी है ।
जांजगीर-चांपा में दर्दनाक सड़क हादसे: 4 लोगों की मौत, 3 की हालत गंभीर
गिरफ्तार सट्टेबाज
1. सोनू देवांगन पिता रूपेन्द्र देवांगन उम्र 21 वर्ष निवासी नयागंज कोष्टापारा रायगढ़ थाना कोतवाली रायगढ़
2. हर्षित देवांगन पिता स्व० अनन्त राम देवांगन उम्र 24 वर्ष पेशा कैफे सेन्टर निवासी नया गंज कोष्टापारा रायगढ़
3. भरत गोयल पिता सुभाष गोयल उम्र 22 साल सा. लैलुंगा रोड घरघोडा
4. गौतम भोजवानी पिता श्याम भोजवानी उम्र 26 साल सा. कन्या शाला के पीछे साईराम कालोनी घरघोडा
5. लक्ष्मीनारायण सिदार पिता चंदन सिंह उम्र 28 साल सा. वार्ड नं. 13 घरघोडा
6. सागर गुप्ता पिता विनोद गुप्ता उम्र 27 साल सा. वार्ड नं. 02 कन्या शाला के पीछे घरघोडा


