एमसीबी : जिले के मनेंद्रगढ़ वन मंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र कुवांरपुर के डोंगरी टोला (चाँटी) गांव में एक तेंदुआ देर रात घुस आया और घर के अंदर सो रहे एक बुजुर्ग को खींचते हुए जंगल की ओर ले गया। घटना की जानकारी लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण पूरी रात युवक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन घने जंगल और अंधेरे के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। सुबह होते ही जब ग्रामीणों ने फिर से खोजबीन शुरू की तो गांव से कुछ दूरी पर बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम और भय का माहौल व्याप्त हो गया है।
एमसीबी में तेंदुए का आतंक – घर में सो रहे बुजुर्ग को खींचकर ले गया, सुबह मिला क्षत-विक्षत शव
मृतक बुजुर्ग की पहचान कुंवारे पिता बोड्डा के रूप में की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी पिछले कई दिनों से गांव के आसपास महसूस की जा रही थी। कई बार मवेशियों पर हमले की घटनाएं भी सामने आई थीं, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मीणों ने आरोप लगाया है कि अगर समय रहते निगरानी बढ़ाई जाती और तेंदुए को पकडऩे या खदेडऩे की कोशिश की जाती, तो आज एक निर्दोष ग्रामीण की जान नहीं जाती। घटना के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश भी देखा जा रहा है।
लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जाता, तब तक वे सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे।इधर, सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। टीम द्वारा तेंदुए की तलाश के लिए ट्रैकिंग की जा रही है और आसपास के जंगलों में निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही पिंजरा लगाने की भी तैयारी की जा रही है ताकि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।


