अंबिकापुर : गांजा तस्कर के घर पर रेड मारने पहुंची कोतवाली पुलिस के साथ अजब-गजब घटना हो गई। दरअसल प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में सोमवार की देर शाम जब पुलिस अपना बोलेरो वाहन खड़ा कर गांजा तस्कर के घर घुसी तो तस्कर छत से कूद गया और पुलिस की गाड़ी लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने कुछ ही देर में वाहन को शहर के राम मंदिर रोड से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, महिला की मौत
प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम सोमवार की शाम करीब 7.30 बजे शहर के सतीपारा निवासी गांजा तस्कर मुकेश नामदेव के घर छापा मारने पहुंची। पुलिस की टीम ने सरकारी वाहन बोलेरो क्रमांक सीजी 03 ए-1050 उसके घर के पास ही खड़ी की। इसी दौरान ड्राइवर की जेब से वाहन की चाबी गिर गई। वहीं पुलिस को घर में घुसते देख मुकेश नामदेव अपनी छत से कूद गया और नीचे गिरी चाबी उठा लिया। वह तत्काल ही पुलिस के वाहन में बैठा और उसे लेकर फरार हो गया।
इधर पुलिस उसका घर खंगालने के बाद जब बाहर निकली तो वाहन गायब था। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी होने के बाद उन्होंने आस-पास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो आरोपी मुकेश नामदेव वाहन लेकर भागता दिखा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की टीम ब्रह्मरोड पार करते हुए राम मंदिर रोड में पहुंची तो वहां आरोपी मुकेश नामदेव वाहन में मिला। इसके बाद पुलिस ने उसे वाहन समेत दबोच लिया। वाहन मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस वाहन तक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहुंचने की बात कह रही है, लेकिन यह भी चर्चा है कि प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल वाहन में ही छूट गया था। इसके बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस उसके पास पहुंची थी। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी शुरु कर दी है।


