कोरबा : जिले में एक ओर पुलिस द्वारा संदेहियों की धरपकड़ के लिए सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती इलाके में बारात के दौरान हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, घटना 25 मार्च की रात करीब 10 बजे की है। घायल युवक की पहचान संदीप भारद्वाज (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दुरपा रोड का निवासी है और एक कार सर्विस सेंटर में अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत है।
बताया जा रहा है कि पुरानी बस्ती इलाके में एक बारात आई हुई थी, जहां डीजे की तेज आवाज पर कुछ युवक वाहन के ऊपर चढ़कर नाच रहे थे। इससे आसपास के लोगों को असुविधा हो रही थी और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। इसी दौरान संदीप ने युवकों को समझाइश दी कि वे वाहन के ऊपर चढ़कर न नाचें। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदीप की यह बात कुछ युवकों को नागवार गुजरी और वे उससे विवाद करने लगे।
दूल्हे ने रचाई दो शादियां, एक ही मंडप में दोनों दुल्हनों संग लिए सात फेरे
देखते ही देखते यह मामूली बहस मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी पांडु ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर संदीप पर हमला कर दिया। हमले में आरोपी ने संदीप के पेट पर वार करने की कोशिश की, लेकिन संदीप के अचानक मुड़ जाने से चाकू का वार उसके कूल्हे के नीचे जा लगा। यदि वार सीधे पेट में होता, तो घटना और गंभीर हो सकती थी। घायल संदीप को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


