रायपुर : रायपुर में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) ने मेंस परीक्षा की तिथियों में बदलाव करते हुए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। अब यह परीक्षा 6 जून से 9 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 16 मई से 19 मई 2026 के बीच निर्धारित थी, लेकिन अभ्यर्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए आयोग ने संशोधन किया है। जानकारी के अनुसार, कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा की तैयारी के लिए समय कम मिलने की बात उठाई थी। इसी कारण परीक्षा की तारीखों को आगे बढ़ाने की मांग लगातार की जा रही थी। अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रीलिम्स और मेंस के बीच पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है, जिससे तैयारी प्रभावित हो रही है।
छत्तीसगढ़ में लगातार भूकंप के झटके, 36 घंटे में तीसरी बार कांपी धरती, बढ़ी चिंता
पिछले वर्षों के अनुभव की बात करें तो प्रीलिम्स और मेंस परीक्षा के बीच लगभग चार महीने का अंतर दिया जाता रहा है, जिससे उम्मीदवारों को विस्तृत तैयारी का समय मिलता था। लेकिन इस बार समय अंतराल कम होने से छात्रों में असंतोष देखा जा रहा था। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए सीजी पीएससी ने निर्णय लेते हुए परीक्षा की नई तिथियां घोषित कर दी हैं। अब अभ्यर्थियों को लगभग पखवाड़े भर का अतिरिक्त समय मिल जाएगा, जिससे वे अपनी तैयारी को और मजबूत कर सकेंगे।
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान की बड़ी कामयाबी, अधिवक्ता के घर हुई 8 लाख की चोरी का खुलासा
आयोग के इस फैसले को अभ्यर्थियों के हित में माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अतिरिक्त समय मिलने से उम्मीदवारों को विषयों की बेहतर रिवीजन और अभ्यास का अवसर मिलेगा, जिससे परीक्षा परिणामों पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित यह परीक्षा राज्य की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा हिस्सा लेते हैं। ऐसे में परीक्षा तिथियों में बदलाव का सीधा असर हजारों अभ्यर्थियों की तैयारी पर पड़ता है। फिलहाल आयोग की ओर से सभी अभ्यर्थियों को नई तिथियों के अनुसार तैयारी जारी रखने की सलाह दी गई है। साथ ही आधिकारिक नोटिफिकेशन में बदलाव की जानकारी भी जारी कर दी गई है।


