कोरबा: लगातार बारिश और बांध में पानी की तेज आवक के कारण मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के कुल नौ गेट खोल दिए गए हैं। सभी गेट मिलाकर 6.00 मीटर तक खोले गए हैं। जल संसाधन विभाग ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डिस्चार्ज बढ़ाया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अभी बांध में 16,700 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। इसके विरुद्ध बांध के गेटों से 32,080 क्यूसेक और जल विद्युत संयंत्र से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार बांध से कुल 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है।
सीतामणी निवासी साधना चौहान ने बताया कि गेट खोले जाने से कुछ समय पहले ही सूचना मिली थी, लेकिन अचानक पानी घरों में भर गया। इससे घर का सारा अनाज और खाद्य सामग्री पानी में बह गई। अचानक आई बाढ़ के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण भोजराम ने कहा कि नदी से सटे लगभग दस घर बाढ़ की चपेट में आ गए हैं और उन्हें काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को रहने के लिए सामुदायिक भवन या रेस्ट हाउस उपलब्ध कराया जाए।


