अहमदाबाद। बोइंग विमानों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। ब्रिटेन की सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAA) ने मंगलवार को बताया कि अहमदाबाद विमान हादसे से चार हफ्ते पहले ही उसने बोइंग विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खामी को लेकर एयरलाइनों को अलर्ट जारी किया था।
CAA ने 15 मई को सभी एयरलाइनों को निर्देश दिए थे कि वे अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। FAA ने अपनी एडवाइजरी में बोइंग 737, 757, 767, 777 और 787 मॉडल के विमानों में फ्यूल शटऑफ वॉल्व एक्ट्यूएटर्स के खराब होने का खतरा बताया था।
CAA ने ब्रिटेन आने-जाने वाली सभी उड़ानों को इन वॉल्व्स की तुरंत जांच, मरम्मत या बदलने और रोजाना जांच को अनिवार्य बनाने का आदेश दिया था।
270 लोगों की मौत वाला हादसा
12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के कुछ ही देर बाद नियंत्रण खो बैठी थी। विमान शहर के एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गया। हादसे में 270 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान चली गई।
अब सामने आई प्राइमरी रिपोर्ट में कहा गया है कि विमान के फ्यूल स्विच के अचानक बंद होने के चलते इंजन बंद हो गए थे और विमान को दोबारा संभालने का मौका नहीं मिल सका।
इस खुलासे के बाद हादसे को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर एडवाइजरी का पालन समय पर किया गया होता तो शायद इतनी बड़ी त्रासदी टाली जा सकती थी। घटना की विस्तृत जांच जारी है।


