कोरबा : आगामी धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान पंजीयन, एग्रीस्टेक पंजीयन, नवीन किसान पंजीयन, पंजीयन में संशोधन एवं त्रुटि सुधार सहित शासकीय पट्टाधारी और डुबान क्षेत्र के किसानों से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए कि धान खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने किसान पंजीयन और एग्रीस्टेक पंजीयन के लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अंतिम समय का इंतजार किए बिना सभी लंबित कार्य 31 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए।
स्वतंत्रता दिवस पर CM साय का बड़ा ऐलान, 6,671 सरकारी स्कूलों में बेटियों के लिए बनेंगे शौचालय
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन किसानों का अभी तक किसान पंजीयन या एग्रीस्टेक में पंजीयन नहीं हुआ है, उनसे संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए। इसके लिए गांव-गांव में प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया, ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीयन प्रक्रिया से वंचित न रहे। बैठक में पंजीयन में संशोधन, त्रुटि सुधार और अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। एग्रीस्टेक पंजीयन के दौरान खसरों का संबंधित अभिलेखों से मिलान कर सावधानीपूर्वक जानकारी दर्ज करने के लिए समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया।
शासकीय पट्टाधारी और डुबान क्षेत्र के किसानों से संबंधित जानकारी को भी समयबद्ध तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित किसानों की जानकारी संकलित और सत्यापित कर 10 सितंबर तक खाद्य विभाग को भेजी जाए। इसके आधार पर विभाग द्वारा आवश्यक मॉड्यूल तैयार कर आगामी धान खरीदी की प्रक्रिया को सिस्टम और साइट के माध्यम से व्यवस्थित किया जा सकेगा। कलेक्टर दुदावत ने अधिकारियों, समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों से कहा कि धान खरीदी से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं आपसी समन्वय के साथ पूरी की जाएं। किसानों से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और शासन की समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।


