कोरबा : कोरबा जिले से बैटरी के अवैध स्क्रैप का लंबे समय से चल रहे अवैध कारोबार के मामले में आज सूचना पर क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मण्डल ने एक मालवाहन को पकड़ा। डीडीएम स्कूल मार्ग में हरिमंगलम के पास क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण अधिकारी श्री प्रसन्ना के निर्देश पर टीम ने यह छापामार कार्रवाई की। यहां राजस्थान पासिंग की एक बड़ी ट्रक क्रमांक RJ06GD8524 में बैटरियां लोड पाई गई। बैटरी परिवहन के संबंध में वांछित दस्तावेज मांगे गए जिन्हें प्रस्तुत नहीं किया जा सका है। हालांकि, वाहन चालक के पास राजस्थान पर्यावरण विभाग से जारी पर्यावरण अनुमति प्राप्त हुई लेकिन छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से किसी तरह की अनुमति उसके पास नहीं मिली।
छत्तीसगढ़ में थमी बारिश, बढ़ी उमस-गर्मी; मानसून की एंट्री का इंतजार जारी
जानकारी के मुताबिक बैटरी स्क्रैप जिस जिला व राज्य से लोड होता है वहां से भी पर्यावरण अनुमति प्राप्त करनी होती है और जहां पर यह सामान ले जाया जा रहा है उस प्रदेश से भी पर्यावरण अनुमति की अनिवार्य आवश्यकता होती है। लंबे समय से कोरबा जिले से बैटरी स्क्रैप अवैधानिक तरीके से परिवहन कर छत्तीसगढ़ की सीमा से बाहर ले जाये जा रहे हैं लेकिन यह पहली बार कार्रवाई हुई है जिसमें अवैध स्क्रैप परिवहन का भंडाफोड़ हुआ है। कोरबा से हर हफ्ते करीब 40 से 50 टन बैटरी स्क्रैप लोड होकर रवाना होता है जिसमें संभवत: चोरों से खरीदा गया बैटरी भी शामिल रहता है।
इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण अधिकारी श्री प्रसन्ना ने बताया कि सूचना पर एक मालवाहन पकड़ा गया है जिसके द्वारा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से कोई भी वैध अनुमति प्राप्त करने संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। बिना अनुमति के बैटरी स्क्रैप का परिवहन गैरकानूनी है।


