कोरबा: जिले के रजगामार क्षेत्र के केसला गांव में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब किसान मगत राम के घर की बाड़ी में रखे खपरैल के बीच करीब 10 फीट लंबा किंग कोबरा (पहाड़ चित्ती) दिखाई दिया। सांप घर के देवस्थल के पास छिपा हुआ था। विशालकाय सांप को देखते ही परिवार में दहशत फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। घर मालिक ने बिना जोखिम उठाए तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
साथ ही रेस्क्यू टीम प्रमुख और नोवा नेचर के सदस्य जितेंद्र सारथी को भी जानकारी दी गई। रेस्क्यू के दौरान पूरे गांव में बिजली गुल थी। ऐसे में खपरैल के बीच छिपे विशाल किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकालना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण था। थोड़ी सी लापरवाही रेस्क्यू टीम और आसपास मौजूद लोगों के लिए खतरा पैदा कर सकती थी। वन मंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश और उपवनमंडलाधिकारी रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन में वन विभाग के कर्मचारियों और रेस्क्यू टीम ने कार्रवाई शुरू की।
झीरम कांड में 13 साल बाद फैसले की घड़ी करीब, NIA कोर्ट 31 अगस्त को सुनाएगी निर्णय
रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी और बॉबी श्रीवास ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टॉर्च की रोशनी में काफी मशक्कत के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे थैले में रखा। इसके बाद नियमानुसार पंचनामा तैयार कर किंग कोबरा को उसके प्राकृतिक रहवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।


