CG CRIME – बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीभाठ में बीती रात मंदिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के शीतला मंदिर को लेकर आयोजित एक बैठक के दौरान हुए विवाद में उप-सरपंच के भतीजे की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित पांच संदेहियों को हिरासत में ले लिया है।
15 लाख की ठगी कर मां-बेटी फरार, बिलासपुर पुलिस ने शुरू की तलाश
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित ग्राम जोगीभाठ में बीती रात शीतला मंदिर के विषय को लेकर ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई थी। चर्चा के दौरान ग्रामीणों और उप-सरपंच डोमेन्द्र देशमुख के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि वहां मौजूद सोहन लाल साहू और उसके साथियों ने हमला कर दिया। जब उप-सरपंच का भतीजा कुणाल देशमुख बीच-बचाव करने पहुंचा, तब आरोपी सोहन लाल ने उस पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में कुणाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोहन लाल साहू समेत कुल 5 लोगों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और आरोपियों से पूछताछ जारी है वहीं मामले को पुलिस गंभीरता से लेकर कार्य कर रही है।


