कोरबा : उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कोरबा जिले में ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात नियमों के सख्ती से पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई जिनमें अवैध रूप से ब्लैक फिल्म लगाई गई थी और जो एक तरह से सरकारी नियम-कायदों की अनदेखी करते हुए सडक़ों पर चल रहे थे। ट्रैफिक पुलिस की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर चार पहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान कई गाडिय़ां जांच के दायरे में आईं।
हैवानियत की हद पार: साथी की नाराजगी में मजदूर के पेट में एयर ब्लोअर से भरी हवा, हालत गंभीर
जांच के दौरान कुछ वाहनों के पीछे और साइड के कांचों पर ब्लैक फिल्म लगी पाई गई, जो मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के अनुसार प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवाई गई और संबंधित वाहन चालकों अथवा मालिकों के खिलाफ नियमानुसार चालान काटकर जुर्माना लगाया गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ब्लैक फिल्म लगाने से वाहन के अंदर की गतिविधियां स्पष्ट नहीं दिखतीं, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ जाता है। इसी कारण सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार वाहनों में निर्धारित मानक से अधिक गहरे रंग की फिल्म लगाना प्रतिबंधित है।
रेलवे स्टेशन पर बीजेपी नेता पर हमला, पार्किंग विवाद बना कारण
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों में अवैध ब्लैक फिल्म न लगाएं। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यह कार्रवाई एडिशनल एसपी लखन पटले, नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।


