कोरबा : दर्री थाना क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में रविवार दोपहर एक युवक लापता हो गया। बाईस वर्षीय नौशाद खान अपने तीन दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। तेज बहाव में छलांग लगाने के बाद वह बह गया, जिसकी तलाश बीते दो दिन से जारी है। नौशाद को बहता देख उसके दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया। वे भी बहने से बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत युवक की तलाश शुरू की। नौशाद खान दर्री इलाके के जय भगवान गली का निवासी है।
छत्तीसगढ़ पुलिस का बड़ा अभियान, झाड़ियों से बरामद 6000 किलो अवैध महुआ लाहन
दो दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला है। उसका शव भी अब तक बरामद नहीं हो सका है। दर्री थाना पुलिस और जिला प्रशासन की नगरसेना की गोताखोर टीम तलाश में जुटी है। आशंका है कि वह बहने के बाद जलकुंभी में कहीं फंस गया होगा। नौशाद खान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने परिवार का इकलौता कमाऊ पुत्र था। नौशाद सीएसईबी पावर प्लांट में ठेकाकर्मी के रूप में वेल्डिंग का काम करता था।
अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई: BJP नेता के भाई के घर से बरामद 7 बोरी डोडा और खसखस, बुलडोजर चला
छह माह पहले ही उसकी मां का बीमारी से निधन हुआ था। इस घटना के बाद उसके पिता की मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दर्री थाना पुलिस ने नौशाद के दोस्तों से भी पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर अभी भी खोजबीन जारी है। युवक के मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार नदी में उसकी तलाश कर रही है।


