वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन युद्ध को लेकर चेतावनी दी है। ट्रम्प ने कहा कि अगर पुतिन 15 अगस्त को अलास्का में होने वाली मुलाकात के बाद भी युद्ध को रोकने पर राजी नहीं होते हैं, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। यह बयान ट्रम्प ने बुधवार को प्रेस ब्रीफिंग में दिया।
1 सितंबर से सिल्वर ज्वेलरी पर भी हॉलमार्किंग लागू, ग्राहकों को मिलेगी शुद्धता की गारंटी
ट्रम्प और पुतिन की यह मुलाकात अमेरिका की जमीन पर पहली होगी। इस बैठक का उद्देश्य यूक्रेन में साढ़े तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करना है। इससे पहले दोनों नेता 16 जुलाई 2018 को हेलिंस्की में मिले थे।
उधर, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने युद्ध खत्म करने के लिए जमीन सौंपने से साफ इनकार किया है। जेलेंस्की का कहना है कि पहले युद्धविराम होना चाहिए और उसके बाद ही सुरक्षा की गारंटी मिलनी चाहिए। उन्होंने पुतिन पर धोखा देने का आरोप भी लगाया और कहा कि पुतिन यह दिखावा कर रहे हैं कि पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों का उन पर कोई असर नहीं हो रहा।
ट्रम्प ने बुधवार को जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ वर्चुअल मीटिंग भी की। इस बैठक में ट्रम्प ने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए दोनों पक्षों को जमीन की अदला-बदली करनी पड़ सकती है। हालांकि, यूरोपीय नेताओं ने ट्रम्प को आगाह किया कि 15 अगस्त की मुलाकात में ऐसा कोई समझौता न हो जिससे यूक्रेन को नुकसान पहुंचे।


