बेंगलुरु। शहर में एक युवक की पिटाई का सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में 8 से 10 युवक मिलकर एक युवक को बुरी तरह पीटते नजर आ रहे हैं। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपियों ने उसके कपड़े उतारकर प्राइवेट पार्ट्स पर भी हमला किया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवक का नाम कुशल है, जो दो साल तक एक कॉलेज छात्रा के साथ रिश्ते में था। कुछ महीने पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद लड़की ने किसी और से संबंध बना लिए। इस बात से नाराज होकर कुशल ने लड़की को अश्लील मैसेज भेजे।
इससे गुस्साए लड़की के नए बॉयफ्रेंड और उसके दोस्तों ने साजिश रची। 30 जून को उन्होंने कुशल को बहाने से बुलाया और कार में अगवा कर झील के पास सुनसान जगह पर ले जाकर बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान एक आरोपी ने रेणुकास्वामी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कुशल को धमकी दी। बता दें कि इस केस में कन्नड़ अभिनेता दर्शन पर एक युवक की हत्या का आरोप है।
पुलिस ने इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि कुशल की हालत अब स्थिर है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपियों ने दर्शन केस से प्रेरणा लेकर यह वारदात की।


