कोरबा : जिले के कटघोरा बाईपास पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। हुकरा क्षेत्र में तेज रफ्तार 407 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर के बाद वाहन के इंजन में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में 407 वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, हादसे में चालक की सूझबूझ से उसकी जान बच गई। चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि 407 वाहन कटघोरा की ओर तेज रफ्तार से आ रहा था। इसी दौरान हुकरा क्षेत्र में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। वाहन सड़क किनारे मौजूद पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर के बाद इंजन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
कोरबा में ड्यूटी के दौरान कर्मचारी लापता, पानी की टंकी में मिली लाश; मौत की वजह बनी पहेली
आग लगते ही चालक ने बिना देर किए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसा देखकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल कटघोरा पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि, दमकल के पहुंचने तक वाहन का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने चालक से पूछताछ कर घटना की जांच शुरू कर दी है। वाहन में आग लगने और हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीरों और लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाईपास पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
छत्तीसगढ़ में बारिश पर ब्रेक! मौसम विभाग ने बताया कब फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
इसके चलते करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। जले हुए वाहन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे के पीछे तेज रफ्तार और वाहन में संभावित तकनीकी खराबी की आशंका जताई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने चालक से पूछताछ की है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


