रायगढ़ : जूटमिल पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चोरी की गई चार एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक से दो माह पहले चोरी की गई दो मोटरसाइकिलों की वारदात भी कबूल की है। इन दोनों बाइक को पुलिस पहले ही अलग-अलग स्थानों से लावारिस हालत में बरामद कर चुकी थी। कार्रवाई में पुलिस ने कुल करीब 4.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के पास चोरी की स्कूटी मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसमें मार्शल यादव और उसके साथी सुनील सारथी ने शोरूम यार्ड से स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की।
दिल्ली इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के युवराज सोनी की मौत, आखिरी कॉल में सुनाई दी गड़गड़ाहट
पुलिस के मुताबिक, 14 से 17 अगस्त 2026 के बीच मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से अलग-अलग दिनों में चार एक्टिवा स्कूटी चोरी हुई थीं। इस संबंध में 20 अगस्त को जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 461/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूछताछ में आरोपी मार्शल यादव ने बताया कि वह अपने साथी सुनील सारथी के साथ चोरी के इरादे से शोरूम यार्ड में घुसा था। यार्ड में नई स्कूटियों की कतार लगी थी और कई वाहनों में चाबी लगी हुई थी। दोनों आरोपियों ने अलग-अलग दिनों में चार स्कूटी चोरी की और उन्हें नगर निगम कॉलोनी स्थित सुनील सारथी के घर के नीचे छिपाकर रखा था। चोरी की स्कूटियों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चारों एक्टिवा बरामद कर लीं। जांच के दौरान आरोपियों से पुरानी वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की गई। इसमें मार्शल यादव ने करीब दो माह पहले HF Deluxe मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
सकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 310 ग्राम गांजा के साथ महिला गिरफ्तार
चोरी के बाद पेट्रोल खत्म होने पर बाइक को पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास छोड़ दिया गया था। पुलिस ने बाइक को लावारिस हालत में बरामद किया था। इस मामले में जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 374/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। इसी तरह आरोपी ने करीब एक माह पहले गांधीनगर-काशीराम चौक से Dream Yuga मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AB-8156 चोरी करना भी कबूल किया। पेट्रोल खत्म होने के बाद आरोपी ने बाइक को कोड़ातराई के पास छोड़ दिया था, जहां से पुलिस ने उसे लावारिस हालत में बरामद किया। इस मामले में अपराध क्रमांक 439/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज है। पुलिस पूछताछ में मार्शल यादव ने चक्रधरनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी कई स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी है। पुलिस इन वारदातों की भी जांच कर रही है और आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मार्शल यादव आदतन बदमाश है और पूर्व में भी बाइक चोरी के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पिछले माह चक्रधरनगर पुलिस ने उसे छोटे अतरमुड़ा क्षेत्र में स्कूटी चोरी के मामले में गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा था।
जूटमिल पुलिस ने इस कार्रवाई में मार्शल यादव पिता धनसिंह यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी मिट्ठुमुड़ा, गांधी नगर, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ और सुनील सारथी उर्फ चद्दर पिता रामलाल सारथी, उम्र 34 वर्ष, निवासी भजनडीपा, नगर निगम कॉलोनी, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से जूटमिल थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।


