कोरबा जिले में पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास को भीषण सड़क हादसा हो गया। कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बाइक पर 3 लोग सवार थे और सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में सवार 2 लोग भी इस हादसे में घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां बाइक सवार घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर कर दिया गया।
बिलासपुर कस्टडी डेथ केस में बड़ा फैसला, सुप्रीम कोर्ट ने CBI को सौंपी जांच; परिवार को 25 लाख मुआवजा
108 वाहन के ऑपरेटर ने बताया कि रायपुर से आते समय चेतमा के पास लगभग 12 किलोमीटर की रेंज पर यह हादसा हुआ। पुलिस वालों ने रोका तो हम लोग मौके पर पहुंचे। बाइक और अर्टिगा कार की टक्कर हुई थी। एक्सीडेंट में कुल 3 लोग थे। जिसमें दो लोग स्पॉट डेथ हो गए थे। एक को रेफर कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर ने बताया मरीज हमारे पास 108 से आया था। वो बाइक पर सवार था और कार से टकरा गया था। मरीज का प्राथमिक उपचार किया गया और एक्स-रे भी किया गया। मरीज के सिर में गंभीर चोट है और वो थोड़ा कंफ्यूज भी है। अभी उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू की। अभी तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार ही हादसे का मुख्य कारण है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।