कोरबा : पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लगाए गए एक वृक्ष को कटवाकर फिंकवाना एक दुकान संचालक को महंगा पड़ गया। नगर निगम की शिकायत पर रामपुर पुलिस ने दुकान संचालक और उसके कर्मचारी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार निहारिका क्षेत्र में नगर निगम द्वारा वृक्षारोपण अभियान के तहत सड़क किनारे पौधा लगाया गया था। आरोप है कि ममता स्टील एंपोरियम के संचालक किशोर अग्रवाल ने अपने कर्मचारी सुधीर गिरी को निर्देश देकर उस पेड़ को कटवाकर उसे फिंकवा दिया। बिना किसी अनुमति के सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की शिकायत नगर निगम की टीम ने सिविल लाइन थाना रामपुर में दर्ज कराई।
रेलवे का नया नियम लागू: सफर में ज्यादा सामान ले जाने पर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे शुल्क
प्रशासन ने साफ किया है कि अभियान के तहत लगाए गए किसी भी पेड़ को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि वृक्ष पर्यावरण के लिए जरूरी हैं और इन्हें बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। शहर में अभी भी विभिन्न वार्डों में वृक्षारोपण का काम जारी है। इस घटना के बाद प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने आसपास लगे पेड़ों की सुरक्षा करें। किसी को भी सरकारी पौधों को नुकसान पहुंचाने का अधिकार नहीं है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


