कोरबा में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगाम लगाने के लिए खनिज विभाग ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाकर कुल 9 वाहनों को जब्त किया गया। खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं बरमपुर में 1 टीपर से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था, जिसे भी जब्त किया गया।
अवैध गांजा तस्करी का भंडाफोड़: तीन तस्कर गिरफ्तार, 1 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त
राताखार क्षेत्र में विभाग की टीम ने विशेष कार्रवाई करते हुए गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 2 हाइवा और रेत लेकर जा रहे 1 टीपर को पकड़ा। इसी तरह कुसमुंडा क्षेत्र में ईंट का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर और कटघोरा में रेत का अवैध परिवहन कर रहे 1 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। अभियान के दौरान कुल 9 वाहनों पर कार्रवाई की गई। सभी जब्त वाहनों को सिटी कोतवाली थाना, सर्वमंगला पुलिस चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना और खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई संबंधित थानों और खनिज विभाग द्वारा की जाएगी।
नक्सली नाम पर फैलाई जा रही थी दहशत! फर्जी बैनर-पोस्टर मामले में भाजपा नेता सहित दो आरोपी गिरफ्तार
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना, अवैध उत्खनन और परिवहन पर नियंत्रण स्थापित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों की पहचान कर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।