कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के तिलकेजा स्थित आमापाली के पास देवांगन ऑटो पार्ट्स की दुकान में देर रात भीषण आग लग गई। आग में दुकान के अंदर 4 बाइक, 2 स्कूटी और 2 साइकिल जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना में करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। पीड़ित दुकान संचालक सुनील कुमार देवांगन ने बताया कि करीब 10:30 बजे उन्हें दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में सबसे पहले दुकान के आंगन में खड़े वाहन आए। इसके बाद लपटें दुकान के अंदर रखे सामान और घर की तरफ बढ़ने लगीं।
चलती हाईवा बनी आग का गोला! NH-43 पर भीषण हादसे में चालक समेत 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे
आग लगने की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाल्टी और पाइप से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, तब तक दुकान में रखा सामान और वाहन जल चुके थे। आग में देवांगन ऑटो पार्ट्स में रखे 4 बाइक, 2 स्कूटी और 2 साइकिल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा दुकान में रखे ऑटो पार्ट्स, टायर-ट्यूब और अन्य सामान भी जल गए। दुकान संचालक का कहना है कि आग से उन्हें लगभग 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कपड़ा सुखाने को लेकर हुआ विवाद, अगले दिन रिटायर्ड SECL कर्मचारी की संदिग्ध हालत में मिली लाश
फिलहाल आग लगने का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगी होगी, इसकी जांच की जा रही है। पीड़ित सुनील देवांगन ने उरगा थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि उन्हें आग लगने की सूचना मिली थी। दुकान संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया जाए और रात में गश्त बढ़ाई जाए। पुलिस ने पीड़ित को बीमा और अन्य सरकारी सहायता के लिए आवेदन करने की सलाह दी है।