कोरबा: कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित गणेश तालाब में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। तालाब की सफाई के दौरान 50 वर्षीय श्यामलाल सारथी जलकुंभी में फंसकर गहरे पानी में डूब गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने शव निकाला।
CG School Reopen: कल से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र 2026–27, फिर गूंजेगी स्कूलों की घंटी
पंचायत ने छुरी गणेश तालाब की सफाई का ठेका दिया था। श्यामलाल सारथी अपने 5 साथियों के साथ तालाब में सफाई करने उतरा था। सफाई के दौरान वह तालाब के बीच वाले हिस्से तक पहुंच गया। वहां घनी जलकुंभी और कीचड़ होने के कारण उसका पैर फिसल गया। श्यामलाल जलकुंभी में उलझ गया और गहरे पानी में समा गया।
साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन गहराई और फिसलन के कारण सफल नहीं हुए। हादसे के बाद साथियों ने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और कोरबा से गोताखोरों को बुलाया गया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने श्यामलाल का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


