कोरबा जिले में आई तेज आंधी-तूफान ने एक युवक की जान ले ली। दीपका थाना क्षेत्र के बतारी गांव में आंधी के दौरान घर की सीट उड़कर ईंट समेत युवक के सीने पर गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय उत्तम सिंह चौहान निवासी बतारी के रूप में हुई है। उत्तम शादी के बाद बांकी मोंगरा के भेजिनारा गांव स्थित ससुराल में रहता था। कुछ दिन पहले वह अपने गृहग्राम बतारी आया हुआ था।
कोरबा में विनीता मौत मामला: चौथे दिन कब्र से निकाला गया शव, दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप
इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान आया। आंधी इतनी तेज थी कि घर की सीट उड़ गई और दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे में दबी ईंट सीधे उत्तम के सीने पर आ गिरी। गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन सीने पर गहरी चोट के कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआत में मृतक के ससुराल वालों ने घटना पर संदेह जताया था। सीने पर चोट के निशान देखकर वे हत्या का आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू की। पूछताछ और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद साफ हुआ कि यह हादसा आंधी-तूफान के कारण हुआ। तेज हवा से सीट उड़ने और दीवार गिरने की पुष्टि आसपास के लोगों ने भी की। मृतक उत्तम सिंह चौहान के पिता गुरुवार सिंह कुछ दिन पहले ही एसईसीएल से रिटायर हुए हैं। उत्तम की पत्नी गंगाबाई और एक बेटा है। परिवार में अचानक हुई इस मौत से कोहराम मचा है। बेटे की मौत से रिटायर्ड पिता गुरुवार सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है।


